Wednesday , March 12 2025

Lucknow News: सीएम योगी ने विजयी प्रत्याशियों को दी बधाई

लखनऊ। (Lucknow News) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सम्पन्न हुए राज्यसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनाव में विजयी होने वाले भारतीय जनता पार्टी के सभी सम्मानित प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई! पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आप सभी अंत्योदय के प्रण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में सहायक होंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं। (Lucknow News)

बता दें कि मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ, फिर देर शाम मतगणना हुई। इसमें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सभी आठों प्रत्याशी सुधांशु त्रिवेदी, तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, आरपीएन सिंह, साधना सिंह, नवीन जैन, संजय सेठ ने जीत दर्ज की।

राज्यसभा में उत्तर प्रदेश की दस सीटों के लिए हुए चुनाव में मंगलवार को सपा के सात और सुभासपा के एक विधायक की क्रास वोटिंग के बीच भाजपा ने आठ और सपा ने दो सीटें जीतीं। कांग्रेस के समर्थन के बावजूद समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन चुनाव हार गए। भाजपा के आरपीएन सिंह, अमर पाल मौर्य, तेजवीर सिंह, नवीन जैन, साधना सिंह, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी व डॉ. संगीता बलवंत सिंह और सपा की जया अमिताभ बच्चन और रामजी लाल सुमन राज्यसभा पहुंच गए।

लोकसभा चुनाव की अधिसूचना घोषित होने से चंद दिन पहले भाजपा ने प्रदेश में सपा को झटका देकर न केवल एक अतिरिक्त सीट हासिल कर ली, बल्कि सात विधायकों को भी अपने पाले में शामिल कर लिया। राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 9 बजे से मतदान का सिलसिला शुरू हुआ। 399 विधायकों को मतदान करना था, लेकिन सपा के दो और सुभासपा का एक विधायक जेल में होने के कारण वोट नहीं कर पाईं। जबकि, सपा की एक विधायक महराजी देवी मतदान करने नहीं आईं। मतदान करने वाले 395 विधायकों में से सपा के विधायक शहजिल इस्लाम का मत खारिज हो गया। वैध मतों के आधार पर मतगणना की गई। भाजपा के प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता के 294 और सपा प्रत्याशियों को 100 मत मिले।

अमर पाल मौर्य (भाजपा)-38, जया अमिताभ बच्चन (सपा)-41, तेजवीर सिंह (भाजपा)-38, नवीन जैन (भाजपा)-38, आरपीएन सिंह(भाजपा)-37, रामजी लाल सुमन (सपा)-40, साधना सिंह(भाजपा)-38, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी(भाजपा)-38, डॉ. संगीता बलवंत(भाजपा)-38, संजय सेठ(भाजपा)-29

इन्होंने की क्रास वोटिंग
सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय, विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, राकेश पांडेय, पूजा पाल, विनोद चुतर्वेदी, आशुतोष मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ को मतदान किया। सुभापसा के विधायक जगदीश नारायण राय ने सपा को वोट दिया। जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की विधायक पत्नी महराजी देवी ने मतदान नहीं किया। सूत्रों का कहना है कि महराजी ने भाजपा नेताओं से कहा था कि वह भाजपा प्रत्याशी को वोट नहीं देंगी लेकिन वह पार्टी की मदद के लिए मतदान ही नहीं करेंगी। उनके मतदान नहीं करने का फायदा भी भाजपा को ही हुआ।

भाजपा को 294 वैध मत
भाजपा के 252 विधायकों ने पार्टी प्रत्याशियों को मतदान किया है। अपना दल (एस) के 13, निषाद पार्टी के छह, रालोद के 9, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2 विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है। सुभासपा के 6 में से एक विधायक अब्बास अंसारी जेल में बंद है, इसलिए मतदान करने नहीं आए। पार्टी के एक विधायक जगदीश नारायण राय ने सपा के पक्ष में मतदान किया है। इस तरह सुभासपा के 4 विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है। बसपा के एक मात्र विधायक उमाशंकर सिंह और सपा के सात विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है। इस तरह भाजपा के खाते में कुल 294 वोट आए।

सपा को 100 वैध मत
सपा के पास 108 विधायक हैं। उनके दो विधायक इरफान सोलंकी और रमाकांत यादव जेल में बंद होने के कारण मतदान करने नहीं आए। सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। महराजी देवी मतदान करने नहीं पहुंची। ऐसे में सपा के 98 विधायकों ने मतदान किया। सपा को कांग्रेस के दो और सुभासपा के एक विधायक का मत मिला। इस तरह सपा के पास कुल 101 मत थे। सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने मतपत्र में निशान लगाने की जगह ”पी पी” लिखा। इसलिए उनका मत खारिज किया गया। सपा के प्रत्याशियों के खाते में प्रथम वरीयता के 100 वैध मत आए।

प्रथम वरीयता के 19 मत लेकर पूर्व मुख्य सचिव हारे
सपा के आलोक रंजन को प्रथम वरीयता के 19 मत मिले। इनकी उम्मीदवारी पर पार्टी में नाराजगी बताई जा रही थी। सपा ने राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। सपा नेता उदयवीर ने बताया कि एक विधायक का वोट बाहर से लाकर डाला गया, जबकि पूरी तरह से सक्षम एक विधायक का वोट हेल्पर की मदद से डलवाया गया।

Check Also

आज योगी कैबिनेट ने 19 प्रस्तावों को मंजूरी दी

योगी सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक में 19 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *